सरकार ने अगस्त 2023 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स यानी GST से 1.59 लाख करोड़ रुपए (₹1,59,069) जुटाए हैं। ये एक साल पहले यानी अगस्त 2022 के मुकाबले 11% ज्यादा है। तब GST से 1.43 लाख करोड़ रुपए जुटाए गए थे। वहीं एक महीने पहले जुलाई में सरकार ने 1.65 लाख करोड़ रुपए और जून में 1.61 लाख करोड़ रुपए का GST कलेक्शन किया था।
अगस्त में लगातार 6वीं बार ऐसा है कि रेवेन्यू कलेक्शन 1.5 लाख करोड़ से ऊपर रहा है। हालांकि, अब तक सबसे ज्यादा GST कलेक्शन अप्रैल 2023 में हुआ था, जब ये आंकड़ा 1.87 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया था। इसके अलावा लगातार 18 महीने से देश का GST कलेक्शन 1.4 लाख करोड़ रुपए से ऊपर बना हुआ है।
CGST 28,328 करोड़ रुपए रहा
वित्त मंत्रालय ने कहा, ‘अगस्त 2023 में GST रेवेन्यू ₹1,59,069 करोड़ रुपए रहा है। इसमें CGST 28,328 करोड़ रुपए, SGST 35,794 करोड़ रुपए, IGST 83,251 करोड़ रुपए (माल के आयात पर कलेक्ट किए 43,550 करोड़ रुपए सहित) और सेस 11,695 करोड़ रुपए रहा है। सेस में माल के आयात से मिले 1,016 करोड़ रुपए शामिल हैं।’