मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में दो और आरोपी अरेस्ट किए गए हैं। गुरुवार रात तक चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा- सरकार अपराधियों के लिए मौत की सजा पर विचार कर रही है।
इससे पहले सुबह पहले एक आरोपी को सुबह और एक को शाम के वक्त गिरफ्तार किया गया था। यह घटना 4 मई को राजधानी इंफाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर कांगपोकपी जिले में हुई। इसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके कुछ लोग ले जा रहे हैं। उनसे अश्लील हरकतें कर रहे हैं।
घटना के विरोध में गुरुवार सुबह मणिपुर के चुराचांदपुर में शुरू हुआ प्रदर्शन अब भी जारी है। हजारों लोग काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन कर रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।