आज यानी शुक्रवार (7 जुलाई) को बाजार ने फिर से नया ऑलटाइम हाई बनाया है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 65,898.98 के स्तर तक पहुंचा। इससे पहले सेंसेक्स का ऑलटाइम हाई 65,832.98 था। निफ्टी ने कारोबार को दौरान 19,523.60 के स्तर को छुआ। इसका ऑलटाइम हाई 19,512 था जो गुरुवार को बना था।
हालांकि, बाद में बाजार में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 505 अंक गिरकर 65,280 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 165 अंकों की गिरावट रही। ये 19,331 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट और केवल 6 में तेजी रही। टाटा मोटर्स का शेयर 3.6% चढ़ा। वहीं पावर ग्रिड में 2.6% गिरा।
आइडिया फोर्ज के शेयर 94% ऊपर लिस्ट हुए
आइडिया फोर्ज के शेयर आज स्टॉक एक्सचेंजेज पर करीब 94% ऊपर लिस्ट हुए। NSE पर ये 1300 रुपए और BSE पर 1305.10 रुपए पर खुला। इसका इश्यू प्राइस 672 रुपए था। कारोबार के दौरान इसने 1343.95 रुपए का हाई बनाया। NSE पर ये 622.95 रुपए या 92.70% बढ़कर 1294.95 रुपए पर बंद हुआ।