फिच रेटिंग्स ने 22 जून (गुरुवार) को मौजूदा फाइनेंशियल ईयर 2023-24 के लिए भारत की इकोनॉमिक ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर 6.3% कर दिया है। इससे पहले फिच ने भारत की GDP की ग्रोथ रेट का अनुमान 6% बताया था।
फिच ने क्यों बदला भारत की GDP की ग्रोथ रेट का अनुमान?
रेटिंग एजेंसी फिच रेटिंग के अनुमान बदलने का मुख्य कारण यह है कि पहली तिमाही में भारत के लिए ग्रोथ के रिजल्ट्स काफी अच्छे रहे हैं और नियर-टर्म का मोमेंटम भी अच्छा ही बना हुआ है। पिछले फाइनेंशियल ईयर 2022-2023 में GDP 7.2% की दर से बढ़ी थी। इससे पहले फाइनेंशियल ईयर 2021-2022 में भारत की GDP में 9.1% की दर से बढ़ोतरी हुई थी।
ऑटोसेल्स, PMI सर्वे और क्रेडिट ग्रोथ मजबूत बनी हुई है
रेटिंग एजेंसी ने कहा, ‘भारत की इकोनॉमी ब्रॉड-बेस्ड स्ट्रेंथ दिखा रही है। 1Q23 (जनवरी-मार्च) में GDP में साल-दर-साल 6.1% की ग्रोथ हुई है। हाल के महीनों में ऑटोसेल्स, PMI सर्वे और क्रेडिट ग्रोथ मजबूत बनी हुई है। यही कारण है कि हमने अपना पूर्वानुमान बढ़ा दिया है। मार्च 2024 (FY23-24) में समाप्त होने वाले फाइनेंशियल ईयर के लिए भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान अब 0.3% बढ़ाकर 6.3% कर दिया है।’