आखिरी घंटे में बिकवाली से आज यानी मगंलवार (23 मई) को भारतीय शेयर बाजार फ्लैट बंद हुआ। सेंसेक्स 0.03% या 18 अंक चढ़कर 61,980 पर पहुंच गया। इसके 30 में से 13 शेयरों में खरीदारी और 17 में बिकवाली रही। वहीं निफ्टी 0.18% या 34 अंक बढ़कर बंद हुआ।
आज अडाणी ग्रुप के सभी 10 स्टॉक्स में तेजी रही। सबसे ज्यादा अडाणी एंटरप्राइजेज 13.49% चढ़कर 2640 रुपए पर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार को भी ये 19.55% चढ़कर 2,338 रुपए पर बंद हुआ था। यानी दो दिन में ही इसका शेयर 30% से ज्यादा चढ़ गया है। अडाणी ग्रुप की 10 कंपनियों का मार्केट कैप भी 10 लाख करोड़ को पार कर गया है।
अडाणी के शेयरों में तेजी का कारण?
सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त पैनल को अडाणी ग्रुप की कंपनियों में स्टॉक प्राइस के हेरफेर का कोई सबूत नहीं मिला है। इसके बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी आई। वहीं एमके ग्लोबल के टेक्निकल एनालिस्ट कपिल शाह ने कहा कि अडाणी एंटरप्राइजेज 26 कारोबारी सत्रों में 1,800 से 2,000 के दायरे में रहा था। अब स्टॉक ने ऊपरी बैंड को पार कर लिया है।