नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस की भी तैयारी शुरू है और इस तैयारी के केंद्र में फिलहाल कई राज्यों के होने वाले चुनाव हैं। कर्नाटक के लिए चुनाव प्रचार शुरू है और कांग्रेस वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस वक्त कर्नाटक में हैं और वहां चुनाव प्रचार कर रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यदि हमारी सरकार दिल्ली में आती है तो हम GST बदलेंगे। कर्नाटक से पहले भी कुछ राज्यों के चुनाव प्रचार को देखा जाए तो ऐसा लगता है कि कांग्रेस की ओर से कुछ ऐसे मुद्दे तैयार किए गए हैं जिनको वह लोकसभा चुनाव में उठाएगी। राहुल गांधी ही नहीं बल्कि प्रियंका गांधी ने भी एक मुद्दे पर कहा कि दिल्ली में सरकार आएगी तो इसे बदल देंगे। हिमाचल, गुजरात और अब कर्नाटक के चुनाव प्रचार पर गौर किया जाए तो ऐसा लगता है कि कांग्रेस 2024 के लिए जो रणनीति तैयार कर रही है उसमें ये मुद्दे प्रमुख रहने वाले हैं।