ताइपे: चीनी वायु सेना किसी भी वक्त ताइवान पर हवाई हमला कर सकती है। इस बाद का खुलासा पेंटागन के लीक हुए खुफिया दस्तावेज से हुआ है। पहले ऐसी आशंका थी कि चीन 2025 तक ताइवान के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमला करने का प्लान बना रहा है। लेकिन, नई रिपोर्ट ने ताइवान और अमेरिका समेत कई देशों की चिंता को बढ़ा दिया है। चीन ने हाल के कुछ महीनों में ताइवान पर आक्रमण का दो बार अभ्यास भी किया है। पहली बार तत्कालीन अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी की यात्रा के बाद और दूसरी बार ताइवानी राष्ट्रपति त्साई इंग वेन की अमेरिका यात्रा के बाद चीनी सेना ने ताइवान को चारों ओर से घेरकर युद्धाभ्यास किया। ताइवान पर चीन के आक्रमण में सबसे बड़ी बाधा अमेरिका बन रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन कई बार ऐलान कर चुके हैं कि ताइवान पर हमला अमेरिका पर हमला माना जाएगा और अमेरिकी फौज ताइवान को बचाने के लिए युद्ध में शामिल होगी।