इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में खेलने के लिए विदेशी खिलाडि़यों को अपने क्रिकेट बोर्ड से एनओसी यानि मंजूरी लेनी पड़ती है। लेकिन आने वाले वक्त में विदेशी खिलाडि़यों को राष्ट्रीय टीम में खेलने के लिए आइपीएल फ्रेंचाइजी से एनओसी लेने की जरूरत पड़ सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आइपीएल फ्रेंचाइजी विदेशी खिलाडि़यों के साथ अपने करार को नए सिरे से पुन:गठित करने जा रही हैं। इसे लेकर फ्रेंचाइजियों ने अपनी योजना तैयार कर ली है, जो जल्द लागू की जा सकती है।
दरअसल, आइपीएल की कई फ्रेंचाइजी जैसे मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपरजायंट्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के पास कई अन्य टीमें भी हैं, जो साउथ अफ्रीका टी-20, इंटरनेशनल क्रिकेट लीग (आइएलटी) और कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) मेें खेलती हैं।