कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार से संविधान बचाओ आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि ब्लॉक, तहसील, जिला स्तर से लेकर राजधानी तक आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने कहा- अडाणी घोटाले के खिलाफ आवाज उठाने के कारण राहुल गांधी को निशाना बनाया गया।
7 फरवरी को राहुल ने अडाणी मुद्दे पर संसद में भाषण किया था। 27 फरवरी को सूरत कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई और 23 मार्च को सजा का ऐलान हो गया। उन्होंने बताया कि आंदोलन की जिम्मेदारी सौंपने के लिए कमेटी बनाई जाएंगी। यह निर्णय शुक्रवार शाम कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मौजूद रहे।