रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के विरोधी अलेक्सी नेवलनी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ने ऑस्कर अवॉर्ड जीता है। इस डॉक्यूमेंट्री का नाम ‘नेवलनी’ है। रविवार को हुई सेरेमनी के दौरान इसे बेस्ट डॉक्यूमेंट्री का खिताब मिला।
अवॉर्ड को रिसीव करने के लिए डॉक्यूमेंट्री के डायरेक्टर डेनियल रोहर और नेवलनी की पत्नी युलिया नवलनया स्टेज पर पहुंचीं। इस दौरान युलिया ने भावुक होते हुए कहा- मेरे पति जेल में हैं केवल इसलिए कि उन्होंने सच कहा और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश की। मैं उस दिन का इंतजार कर रही हूं जिस दिन तुम और हमारा देश आजाद होंगे।
नेवलनी पर बनी डॉक्यूमेंटरी में क्या है?
अमेरिकी कंपनी CNN और HBO ने मिलकर ये डॉक्यूमेंट्री बनाई थी। इसमें साइबेरिया में नेवलनी पर हुए जानलेवा हमले से लेकर उनके रूस जाने और वहां गिरफ्तार होने की कहानी है।
डॉक्यूमेंट्री में नेवलनी के रूस में लोकतंत्र लाने और पुतिन के खिलाफ संघर्ष और इस दौरान झेली गई परेशानियों को दिखाया गया है। 2020 में नेवलनी पर जहरीले नर्व एजेंट से हमला हुआ था। माना गया था कि ये रूस की सरकार ने करवाया था।