मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार ने गुरुवार को एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। वह करीब 10 फीट दूर जा गिरा। उसके सिर में चोट आई है। उसे भोपाल रेफर किया गया है। घटना मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की है।
दिग्विजय कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के कोडक्या गांव में उनके घर पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। यहां कुछ देर रुकने के बाद वे कार से राजगढ़ के लिए निकले। दोपहर करीब 3 बजे जीरापुर के पास एक बाइक सवार काफिले के सामने आ गया और हादसा हो गया। घायल युवक का नाम रामबाबू बागरी (20) निवासी परोलिया है।
उसका हाल जानने दिग्विजय सिंह अस्पताल पहुंचे और युवक को भोपाल रेफर करने को कहा। दिग्विजय ने यह भी कहा कि मैं युवक का इलाज करवाऊंगा। डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार कर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया।