तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन के 70वें जन्मदिन पर बुधवार को चेन्नई में हुए समारोह में विपक्ष के नेता एकजुट हुए। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- मैंने यह कभी नहीं कहा कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा या कौन नेतृत्व करेगा। यह सवाल है ही नहीं, मैं तो यही चाहता हूं कि हमें साथ मिलकर लड़ना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला ने खड़गे की बात का समर्थन करते हुए कहा कि हमें मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए। यह बाद में तय कर लेंगे कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा।
खड़गे बोले- सभी विपक्षी दल साथ आएं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- तमिलनाडु में कांग्रेस-DMK गठबंधन ने 2004, 2009 में लोकसभा और 2006 और 2021 में विधानसभा चुनाव जीता था। हमें 2024 की लोकसभा जीत के लिए UPA गठबंधन और अगुआई करने वाले नेतृत्व को मजबूत करना चाहिए। सभी विपक्षी दलों को साथ आना चाहिए।