रायपुर में हो रहे कांग्रेस के अधिवेशन में छत्तीसगढ़ और राजस्थान की योजनाओं की चर्चा है । इन दोनों ही राज्यों के मॉडल की चर्चा कांग्रेस के सभी बड़े नेता कर रहे हैं । अब इन प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार द्वारा किए जा रहे कामों को पूरे देश में लागू किए जाने की भी बात हो रही है। दरअसल कांग्रेस के अधिवेशन आने वाले चुनावों में सियासी रणनीति तैयारी करने को लेकर भी अहम माना गया है।
इस वजह से कांग्रेस छत्तीसगढ़ और राजस्थान की उन योजनाओं पर भी फोकस कर रही है जिन्हें जनता पसंद कर रही है । आने वाले चुनावों में अलग-अलग प्रदेशों में कांग्रेस इन्हीं योजनाओं का वादा लेकर जाएगी और अन्य प्रदेशों में भी जनता को छत्तीसगढ़ राजस्थान का उदाहरण देकर अपनी तरफ करने का प्रयास करेगी । इसे लेकर पार्टी के नेता जयराम रमेश ने साफ तौर पर कहा कि छत्तीसगढ़ की न्याय योजना और राजस्थान की स्वास्थ्य संबंधी चिरंजीवी योजना सभी नेताओं ने पसंद की है।