विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांचक सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को हरा दिया। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी। साउथ अफ्रीका की शबनिम इस्माइल ने 6 ही रन दिए और उनकी टीम 6 रन से मैच जीतकर पहली बार फाइनल में पहुंच गई।
26 फरवरी को टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मुकाबला खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को पहले सेमीफाइनल में भारत को हराया था।
अफ्रीकी ओपनर्स ने दिलाई मजबूत शुरुआत
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की। ओपनर्स लौरा वॉल्वार्ट और ताजमिन ब्रिट्स ने 82 बॉल पर 96 रन की पार्टनरशिप की। वॉल्वार्ट 53 रन बनाकर आउट हुईं। ब्रिट्स ने फिर मारिजन कैप के साथ 25 बॉल में 46 रन जोड़े। ब्रिट्स 68 रन बनाकर आउट हुईं। कैप ने आखिर में बड़े शॉट्स खेले और 13 बॉल पर 27 रन बनाकर नॉटआउट रहीं।