अमेरिका ने मास्टरकार्ड के पूर्व CEO अजय बंगा को वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष पद के लिए नामित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने गुरुवार को यह जानकारी दी। वर्ल्ड बैंक के वर्तमान प्रमुख डेविड मलपास ने पद छोड़ने की घोषणा कर दी है। वर्ल्ड बैंक का अध्यक्ष आम तौर पर अमेरिकी होता है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) का प्रमुख पारंपरिक रूप से यूरोपीय होता है।
63 वर्षीय बंगा भारतीय-अमेरिकी हैं और वर्तमान में इक्विटी फर्म जनरल अटलांटिक में वाइस चेयरमैन हैं। उन्हें 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अमेरिका वर्ल्ड बैंक में सबसे बड़ा शेयर होल्डर है। अध्यक्ष बनने के लिए नामित व्यक्ति के नाम को बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स के बोर्ड की मंजूरी मिलना जरूरी होता है।
परंपरागत रूप से अमेरिका जिस व्यक्ति को अध्यक्ष के रूप में नामित करता है बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स का बोर्ड उसी नाम को मंजूरी दे देता है। अध्यक्ष का कार्यकाल पांच साल होता है।