कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय महाधिवेशन के लिए रायपुर में तैयारियाें ने तेजी पकड़ ली है। मंगलवार को मेजबान छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं की भूमिका तय कर दी गई। प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम आदि ने मिलकर 14 उप समितियों का गठन किया है। इसका अध्यक्ष मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को बनाया गया है। तैयारी बैठक में कुमारी सेलजा ने कहा, भाजपा और केंद्र सरकार की नजरें ठीक नहीं हैं।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा की अगुवाई में मंगलवार को स्वागत समिति की मैराथन बैठक हुई। इसमें कहा गया कि प्रदेश कांग्रेस के सामने राष्ट्रीय महाधिवेशन के तौर पर एक ऐतिहासिक अवसर आया है। सभी को इसमें काम करके इसे सफलतम आयोजनों में शामिल कराना है। देश भर के 14-15 हजार नेता-प्रतिनिधि इस आयोजन के लिए रायपुर पहुंचने वाले हैं। कई सत्रों में कांग्रेस के भविष्य की दिशा तय करने वाली चर्चाएं होनी है। ऐसे में इस आयोजन का महत्व समझा जा सकता है। नेताओं ने कहा, जिसको जो जिम्मेदारी मिल रही है, वह काम आज से ही संभाल ले। उसके बाद उप समिति के अध्यक्षों के साथ अलग से बैठक हुई। इसमें काफी देर तक उनकी भूमिकाएं स्पष्ट की गईं।