कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि PM नरेंद्र मोदी ने उनका अपमान किया है। PM की संसद में स्पीच का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा- उन्होंने कहा कि मेरे नाम में गांधी क्यों है, नेहरू क्यों नहीं है। यह मेरा अपमान है।’ राहुल ने कहा कि भारत में पिता का सरनेम लगाते हैं। शायद मोदी ये नहीं समझते हैं।
राहुल ने केरल में अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडाणी का नाम अपने मुंह पर नहीं लाते हैं। PM नरेंद्र मोदी राज्यसभा और लोकसभा में अपनी बात रखते हैं, लेकिन एक बार भी अडाणी का नाम उनके मुंह पर नहीं आता है। इसका मतलब है कि सरकार इस दलदल में बुरी तरह फंसी हुई है। जांच से सरकार क्यों भाग रही है?
मेरे अपमान से कुछ नहीं होगा
राहुल ने कहा कि PM खुद को बहुत ताकतवर समझते हैं। उन्हें लगता है कि सब उनसे डर जाएंगे, लेकिन उन्हें शायद पता नहीं कि वे आखिरी शख्स होंगे जिनसे मुझे डर होगा। मैंने संसद में जो भी कहा सच कहा था और इसलिए मेरे मन में डर नहीं था। मेरे अपमान से कुछ नहीं होगा। सच तो सामने आ ही जाएगा।