अमेरिका में चीन का कथित स्पाई बैलून घुसने के मामले में दोनों देशों के बीच तल्खी बढ़ गई है। अमेरिका ने 5 फरवरी को चीनी बैलून मार गिराया था और इसका मलबा भी चीन को लौटाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद चीन भड़क गया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा- किसी भी बैलून का दूसरे देश में घुस जाना नॉर्मल बात है। 2022 से अब तक 10 अमेरिकी गुब्बारे चीन में घुस चुके हैं।
बैलून के जरिए जासूसी करने के अमेरिका के आरोपों पर चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जवाब दिया। चीनी फॉरेन मिनिस्ट्री के स्पोक्सपर्सन वांग वेनबिन ने कहा- ऐसी चीजें होती रहती हैं। अगर अमेरिका इसे गैरमामूली मानता है, तो वो खुद भी तो यही काम करता है। पिछले साल से अब तक 10 बार हमारे देश में घुसने वाले अमेरिकी बैलूनों ने हमारी सरकार से कोई अप्रूवल नहीं लिया था।
न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के इन आरोपों के जवाब में सोमवार को व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिका ने चीन में कभी भी कोई बैलून नहीं भेजा है।