फिल्मों के जग्गू दादा यानी जैकी श्रॉफ आज 66 साल के हो गए हैं। कभी मुंबई की तीन बत्ती चॉल के 10×10 के एक कमरे से अपनी जिंदगी की शुरुआत करने वाले जैकी आज 212 करोड़ की सम्पत्ति के मालिक हैं। बेटा टाइगर भी बॉलीवुड के टॉप स्टार्स में से एक है। दिलचस्प बात यह है कि सफलता मिलने के बाद भी जैकी श्रॉफ अपनी जिंदगी के शुरुआती दिनों को नहीं भूले। तीन बत्ती की चॉल में अभी भी उनका वो एक कमरे का घर है, जहां अक्सर अपने पुराने दिनों को याद करने वो जाते रहते हैं।
एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद ही कहा था, ‘मुझे अभी भी सुकून की नींद चॉल के उसी कमरे में आती है।’
जैकी की जिंदगी खुद कम फिल्मी नहीं रही है। उनके पिता गुजराती थे, मां कजाकिस्तान की। पिता काकूभाई श्रॉफ एस्ट्रोलॉजर भी थे। जैकी की जिंदगी के 31 साल तीन बत्ती की चॉल में गुजरे। जब वे फिल्म हीरो के बाद स्टार बन चुके थे, तब कुछ साल चॉल में ही रहे। चॉल के जग्गू दादा से मॉडल और मॉडल से हीरो बनने का उनका सफर खासा दिलचस्प है।