नई दिल्ली: हॉकी वर्ल्ड कप जीतने का मौका गंवा चुकी टीम इंडिया ने जापान के खिलाफ गजब का प्रदर्शन किया। उसने मैच में एकतरफा जापान को 8-0 से रौंद दिया। जापानी टीम भारत के आगे किसी भी मामले में नहीं टिकी। उसका डिफेंस बेहद कमजोर रहा तो फॉरवर्ड भारतीय किले को भेदने में नाकाम रहा। दूसरी ओर, हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। भारत की जीत में मंदीप, अभिषेक, विवेक, हरमनप्रीत, मनप्रीत और सुखजीत सिंह छाए।
टूर्नामेंट के खिताबी दौड़ से बाहर होने के बाद आलोचनाओं से घिरे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने मैच में आखिरकार अपनी ड्रैग फ्लिक से अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, उन्होंने गोल दागने के बाद जश्न नहीं मनाया। भारत को क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड से हार मिली थी, जिसके बाद वह खिताबी रेस से बाहर हो गया था। हरमनप्रीत (46वें और 59वें मिनट) ने चौथे क्वॉर्टर में पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागे।