जापान में घटती आबादी बहुत बड़ी समस्या बन गई है। प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने सोमवार को कहा कि दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक के लिए ‘अभी नहीं तो कभी नहीं’ वाले हालात बन चुके हैं। इसके लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है। फिलहाल जापान की आबादी 12.5 करोड़ है।
जापान पिछले कई वर्षों से अपने नागरिकों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसके लिए उन्हें नकद बोनस तक दिया जा रहा है। हालांकि ताजा सर्वे की मानें तो जापान दुनिया की सबसे महंगी जगहों में से एक है, जिसके कारण लोग बच्चों को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं।
जापान में सबसे कम जन्म का रिकॉर्ड टूटा
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में 2022 में 8 लाख से कम (7,73,000) बच्चे पैदा हुए। ऐसा देश के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। सरकार ने इस स्थिति का अनुमान 8 साल बाद के लिए लगाया था। इसके साथ ही जापान के नागरिकों की मीडियन उम्र 49 हो गई है, जो यूरोप के छोटे से देश मोनाको के बाद दुनिया में सबसे ज्यादा है।