23 दिसंबर 2019 का दिन। विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में शतक जमाया। यह उनके इंटरनेशनल करियर का 70वां शतक था। उम्र थी महज 31 साल। तब क्रिकेट में रुचि रखने वाला हर आम और खास इस बात पर सहमत था कि विराट सबसे ज्यादा शतक जमाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे। सचिन ने 40 साल की उम्र तक क्रिकेट खेली थी और 100 शतक जमाए थे।
तभी ऐसी अनहोनी शुरू हो गई जिसका अनुमान किसी ने नहीं लगाया था। हर तीसरे-चौथे मैच में शतक जमाने वाला विराट का बल्ला खामोश होने लगा। शतक आने बंद हो गए। उनके शतक का सूखा करीब 3 साल तक चला। जो फैन और एक्सपर्ट विराट के शतकों की गारंटी दिया करते थे, वे उन्हें रिटायर होने की सलाह देने लगे।