नेपाल में रविवार सुबह हुए विमान हादसे में अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है। 68 पैसेंजर और चार क्रू मेंबर को ले जा रहा यति एयरलाइंस का ये प्लेन पोखरा एयरपोर्ट के पास लैंडिंग से पहले क्रैश हो गया। इस विमान की को-पायलट अंजू खतिवडा थीं। बतौर को-पायलट ये उनकी आखिरी उड़ान थी। अगर वे प्लेन लैंड करा लेतीं तो उन्हें मेन पायलट का सर्टिफिकेट मिल जाता और वे कैप्टन के पद पर प्रमोट हो जातीं।
अंजू के पति दीपक पोखरेल की मौत भी एयर क्रैश में हुई थी। 16 साल पहले वे भी यति एयरलाइंस के प्लेन में को-पायलट थे। ये हादसा 21 जून 2006 को हुआ था। विमान नेपालगंज से सुर्खेत होते हुए जुम्ला जा रहा था। इसमें 6 पैसेंजर्स और 4 क्रू मेंबर की मौत हो गई थी।
कैप्टन के पास 35 साल का अनुभव था, कई पायलट को ट्रेनिंग दे चुके थे
नेपाल में मौजूद हमारे सोर्स ने बताया कि अंजू सीनियर पायलट और ट्रेनर कैप्टन कमल केसी के साथ उड़ान पर गई थीं। कमल केसी को विमान उड़ाने का 35 साल का अनुभव था। वे कई पायलटों को ट्रेनिंग दे चुके थे।