इंदौर में तीन दिन चलने वाला प्रवासी भारतीय सम्मेलन रविवार को शुरू हो गया। पहले दिन उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आप इंदौर आए हैं तो एक बार समय निकालकर सराफा बाजार जरूर जाएं। एक बार जाएंगे तो बार-बार जाने का मन करेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री ठाकुर की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, मैं तो कहता हूं कि आप सभी छप्पन दुकान भी जाइएगा। केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इंदौर की तारीफ की। उन्होंने कहा, इंदौर न केवल देश का सबसे स्वच्छ शहर है, बल्कि यह बड़े दिलवालों का भी शहर है। पहले दिन युवा प्रवासी भारतीयों के सेशन को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेशों में बसे भारतीयों की सुविधा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का जिक्र किया। कहा, कुछ और देश भारतीयों को वीजा और काम की अनुमति देने के प्रावधानों को उदार बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।