ब्रिटेन की एक सरकारी कार में चीन का लोकेशन ट्रैकर मिला है। ब्रिटेन के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और राजनयिक इस कार का इस्तेमाल करते थे। कार के जिस पार्ट में ये ट्रैकर मिला, उसे चीन से आयात किया गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चीन बड़े स्तर पर ब्रिटेन के मंत्रियों और अधिकारियों की निगरानी कर रहा है।
इस खुलासे के बाद कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ सांसद इयान डंकन स्मिथ ने कहा कि अब चीन को एक खतरे के रूप में देखने का समय आ गया है। वहीं चीनी दूतावास ने इन आरोपों का नकारा है। उनके प्रवक्ता ने कहा कि हम चीनी कंपनियों पर इस तरह के आरोप लगाने का विरोध करते हैं।
जासूसी का शक होने के बाद हुई चेकिंग
ब्रिटेन के न्यूज आउटलेट inews की रिपोर्ट के मुताबिक, जासूसी डिवाइस होने की आशंका के बाद कई सरकारी गाड़ियों की चेकिंग की गई थी। इन गाड़ियों को पूरा खोलकर हर एक हिस्से को अलग किया गया था। छोटे से छोटे नट-बोल्ट तक की जांच की गई। इस दौरान गाड़ी के एक पार्ट में सिम मिली जो कार की लोकेशन ट्रैक कर डाटा को चीन भेज सकती थी। इस पार्ट को चीन से मंगाया गया था और कार कंपनी ने फिट किया था।