हैकर्स ने 20 करोड़ से ज्यादा ट्विटर यूजर्स के ईमेल एड्रेस चुरा लिए और उन्हें एक ऑनलाइन हैकिंग फोरम पर पोस्ट कर दिया। इजराइली साइबर सिक्योरिटी-मॉनिटरिंग फर्म हडसन रॉक के को-फाउंडर अलोन गैल ने इसकी जानकारी दी। 24 दिसंबर को सिक्योरिटी रिसर्चर ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया था। अब इसके स्क्रीनशॉट्स इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं।
फिलहाल ट्विटर ने इस घटना पर कोई कमेंट नहीं किया है। कुछ रिपोर्ट में ये भी अनुमान लगाया गया है कि ये हैकिंग 2021 की शुरुआत में हुई हो, जो एलन मस्क के कंपनी का स्वामित्व संभालने से पहले की है। ट्विटर में हैकिंग से जुड़ी ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले कई बड़े पॉलिटिशियन और बिजनेसमैन के अकाउंट हैक होने की घटनाएं सामने आ चुकी है। इसमें पीएम मोदी और एलन मस्क के अकाउंट भी शामिल है।