राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देश के सबसे बड़े राजनीतिक सूबे उत्तर प्रदेश में पहुंच चुकी है। 80 लोकसभा सीटों वाले इस राज्य में राहुल की यात्रा महज ढाई दिन ही रहेगी। वह 130 किमी चलेंगे और 3 लोकसभा सीट, 11 विधानसभा सीटों को कवर करेंगे। ये वो सीटें हैं, जहां कांग्रेस का पिछले दो विधानसभा चुनावों (2017 और 2022) में खाता तक नहीं खुला है।
कांग्रेस इन सीटों पर अपनी जमानत तक नहीं बच पाई थी। ऐसे में सवाल खड़े होते हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल विपक्ष का चेहरा कैसे बन पाएंगे? कांग्रेस सबसे बड़े सूबे में अपनी जड़ मजबूत किए बिना भाजपा को चुनौती कैसे दे पाएगी?
राहुल की यात्रा किसानों और मुस्लिमों को जोड़ रही
यूपी में राहुल की इतनी छोटी यात्रा क्यों? इस सवाल पर वरिष्ठ पत्रकार अरविंद सिंह का कहते हैं कि यूपी भारत जोड़ो यात्रा रूट का बस हिस्सा लगता है। इसलिए वह यूपी को कवर कर रहे हैं। राहुल दिल्ली से हरियाणा सीधे भी निकल सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं किया। उन्होंने यूपी को टच किया है। भारत जोड़ो यात्रा का रूट कन्याकुमारी से श्रीनगर है, इसलिए बीच में जो राज्य आ रहे हैं, वहां वह जा रहे हैं।