मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में कोतमा से कांग्रेस विधायक सुनील सराफ अपने जन्मदिन के कार्यक्रम में रिवॉल्वर से फायर कर विवादों में घिर गए हैं। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उनके खिलाफ कोतमा थाने में FIR दर्ज की गई है।
जितने कारतूस मुझे इश्यू हुए उन सबका रिकॉर्ड मेरे पास
सुनील सराफ ने अपनी सफाई में कहा है कि खिलौने वाली बंदूक से फायर किया था। उन्होंने कहा कि BJP हर जगह जल्दबाजी दिखाती है। मैं जांच के लिए तैयार हूं। जितने कारतूस मुझे इश्यू हुए उन सबका रिकॉर्ड मेरे पास है।
घर पर ही हो रहा था कार्यक्रम
वीडियो 1 जनवरी का है। विधायक ने अपने जन्मदिन पर घर पर कार्यक्रम रखा था। इसमें आम लोग और कई कांग्रेस नेता मौजूद थे। फिल्मी गानों पर डांस हो रहा था। जैसे ही ‘मैं हूं डॉन’ गाना बजा, विधायक सुनील नाचते हुए मंच पर पहुंचे और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर हर्ष फायर कर दिया। किसी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।