कराची टेस्ट के तीसरे दिन न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान पर 2 रन की बढ़त बना ली है। पूर्व टेस्ट कप्तान केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 724 दिन बाद शतक जड़ा। पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड के टॉम लैथम (113) और डेवोन कॉन्वे (92) ने 183 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद ने 3 और नौमान अली ने 2 विकेट लिए।
तीसरे दिन पाकिस्तान के 12वें खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान द्वारा टीम की फील्ड सेट करने पर बवाल हुआ। वहीं, दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 6 विकेट पर 440 रन बना लिए हैं। विलियमसन 105 और ईश सोढी एक रन बनाकर नाबाद हैं। 2 टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में चौथे दिन का खेल गुरुवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
न्यूजीलैंड के लिए सभी ने बनाए रन
न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन 165/0 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। डेवोन कॉन्वे 92 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे नंबर पर उतरे केन विलियमसन ने अपने टेस्ट करियर का 25वां शतक जड़ा। टॉम लैथम 113 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। हेनरी निकोल्स ने 22, डेरिल मिचेल ने 42, टॉम ब्लंडेल ने 47 और माइकल ब्रेसवेल ने 5 रन बनाए। सोढी और विलियमसन नाबाद हैं। टीम ने 136 ओवर में 440 रन बना लिए हैं।