देश की संसद में केंद्र सरकार ने कहा है कि रामसेतु के पुख्ता सबूत नहीं है। अब इसे लेकर कांग्रेस ने भाजपा को सियासी तौर पर घेरना शुरू कर दिया है। शनिवार को रायपुर में पुलिस लाइन हैलीपैड पर इस मुद्दे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर तंज कसे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने बयान में कहा- देखिए जब यही बात कांग्रेस सरकार के वक्त कही गई थी तो राम विरोधी कहा गया। अब खुद कह रहे हैं, तथाकथित राम भक्त बनने वाले भाजपा के लोग सदन में कह रहे हैं कि रामसेतु के पुख्ता सबूत नहीं है , अब इन्हें किस श्रेणी में रखा जाएगा। भाजपा को देश से माफी मांगना चाहिए देश के लोगों को गुमराह किया गया।
CM बघेल ने आगे कहा- भाजपा के लोग अब खुद भी कटघरे में खड़े हो गए हैं। यदि भाजपा के लोग सच में राम भक्त होेते तो अपनी सरकार से सवाल पूछते, विरोध करते, आलोचना करते, यदि नहीं पूछ रहे तो इनका मूल चरित्र यही है। इनका मूल चरित्र है सत्ता प्राप्ति करना। राम नाम जपना पराया माल अपना, ये इनका मूल चरित्र है ।