टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा के सुसाइड केस में वालिव पुलिस ने तुनिषा के को-स्टार शीजान खान को अरेस्ट कर लिया है। शीजान पर तुनिषा को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तुनिषा के परिवार की शिकायत के आधार पर IPC की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शीजान को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि तुनिषा ने शनिवार को शूटिंग के सेट पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद तुनिषा की मां ने अभिनेता शीजान पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि तुनिषा ने शीजान से परेशान होकर आत्महत्या की। पुलिस ने सेट पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ भी की थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि वे हत्या और सुसाइड दोनों एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं।