26/11 हमले की 14वीं बरसी पर देश और विदेश में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही विदेशों में स्थित पाकिस्तानी एंबेसी के बाहर प्रदर्शन किया।
दरअसल, 26 नवंबर 2008 की रात को लश्कर-ए-तैयबा के 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने भारत के मुंबई में ताज होटल समेत 4 जगहों पर हमला किया था। इस हमले में 160 से अधिक लोग मारे गए थे, जिसमें 26 विदेशी थे। 300 ज्यादा लोग घायल हुए थे।
अमेरिका और जापान में विरोध प्रदर्शन
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में लोगों ने पाकिस्तानी एंबेसी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए। न्यू जर्सी के पाकिस्तान कम्युनिटी सेंटर, ह्यूस्टन और शिकागो में पाकिस्तान काउंसुलेट (वाणिज्य दूतावास) के सामने भी प्रदर्शन हुए। इसी तरह जापान की राजधानी टोक्यो में भी पाकिस्तान एंबेसी के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां भी लोगों ने पाकिस्तान और आतंकवाद के विरोध में नारेबाजी की।