मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भाजपा पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भाजपा पर तीखा हमला

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महंगाई, बेरोजगारी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला किया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, आखिर भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक क्यों हो जाता है, परीक्षाएं रद्द क्यों हो जाती हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने यह बात गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में कही है। वे वहां कांग्रेस की जन संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा जो कहती है ठीक उसका उल्टा करती है। वन रैंक, वन पेंशन की बात करने वाली भाजपा ने नो रैंक, नो पेंशन कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आम लोगों को अधिकार सम्पन्न बनाया है। शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार और मनरेगा के माध्यम से रोजगार का अधिकार दिया है। छत्तीसगढ़ में भी हमने जो वादा किया था उसे पूरा किया है। किसानों की ऋण माफी की, केंद्र के अड़ंगे के बावजूद किसानों से 2640 रुपये क्विंटल पर धान खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, केंद्र सरकार जीएसटी के नाम पर जनता की जेब खाली कर शोषण कर रही है। विकास का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। बेरोजगारी और महंगाई से राहत के लिए भाजपा के पास कोई योजना नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है। वे चुनाव के प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *