सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन CBI ने बुधवार (21 सितंबर) को ABG शिपयार्ड लिमिटेड के फाउंडर-चेयरमैन ऋषि कमलेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। CBI ने ऋषि को 22,842 करोड़ रुपए से ज्यादा की कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में अरेस्ट किया है।
CBI ने इंडियन पीनल कोड (IPC) और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आधिकारिक पद के दुरुपयोग के कथित अपराधों के लिए कंपनी के पूर्व चेयरमैन अग्रवाल और अन्य पर मामला दर्ज किया था।
बैंकों का 22,842 करोड़ रुपए बकाया
कंपनी को ICICI बैंक के नेतृत्व में 28 बैंकों और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूट्स से क्रेडिट फैसिलिटी मिली थी। शिपिंग कंपनी पर ICICI बैंक का 7,089 करोड़ रुपए, SBI का 2,925 करोड़ रुपए, IDBI बैंक का 3,634 करोड़ रुपए, बैंक ऑफ बड़ौदा का 1,614 करोड़ रुपए, पंजाब नेशनल बैंक का 1,244 करोड़ रुपए, एक्जिम बैंक का 1,327 करोड़ रुपए, इंडियन ओवरसीज बैंक का 1,228 रुपए और बैंक ऑफ इंडिया का 719 करोड़ रुपए बकाया है। इसके अलावा कुछ अन्य बैंकों का भी बकाया है।