दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी को कान्हा बताया है। उन्होंने कहा कि AAP भी पिछले 10 सालों से कान्हा की तरह महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे राक्षसों का वध कर रही है। इस दौरान केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, कुछ लोग लालकिले से कहते हैं कि मैं भ्रष्टाचार से लड़ रहा हूं। असल में वो नहीं आम आदमी पार्टी करप्शन से लड़ रही है। केजरीवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण जी जब बच्चे थे तो लोग उन्हें प्यार से कान्हा कहते थे। कान्हा ने बड़े-बड़े राक्षसों का वध किया था, आम आदमी पार्टी भी वही काम कर रही है। अगर दूसरी पार्टी वालों ने यह काम कर लिया होता तो हमें लोग लात मार कर भगा देते।
दिल्ली में सब फ्री, फिर भी सरकार पर कर्ज नहीं: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी की ईमानदारी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और फ्रीबी लोगों को पसंद आ रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने मुफ्त की रेवड़ी इंट्रोड्यूस किया है, जो ना इनसे खाते बन रही है ना उगलते। खबरें हैं कि सरकार घाटे में जा रही है। उस पर 3.5 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है, इन्होंने तो फ्रीबीज भी नहीं दी फिर इनपर कर्ज कैसे चढ़ गया। दिल्ली में सब कुछ फ्री मिल रहा है फिर भी सरकार पर कर्ज नहीं है।