एशिया के सबसे अमीर आदमी गौतम अडाणी ने सीमेंट कंपनी अंबुजा और ACC का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। गौतम अडाणी के बड़े बेटे करण अडाणी सीमेंट कारोबार की कमान संभालेंगे। अडाणी ग्रुप ने शुक्रवार (16 सितंबर) को अंबुजा और ACC सीमेंट का 6.5 अरब डॉलर यानी 51.79 हजार करोड़ में यह टेकओवर किया है।
ACC के चेयरमैन और नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बने करण
इस टेकओवर के साथ ही अडानी ग्रुप देश का दूसरा सबसे बड़ा सीमेंट मैन्युफैक्चरर बन गया है। सीमेंट प्रोडक्शन के मामले में आदित्य बिड़ला ग्रुप का अल्ट्राटेक सीमेंट पहले नंबर पर है। सूत्रों के मुताबिक, गौतम अडाणी अंबुजा सीमेंट के चेयरमैन बने हैं। वहीं 35 साल के करण अडाणी को इसका नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा करण को ACC का चेयरमैन और नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी नियुक्त किया गया है। बता दें कि करण फिलहाल अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) के CEO हैं। अडाणी ग्रुप की ये डील भारत के इंफ्रा और मटेरियल्स स्पेस में सबसे बड़ा अधिग्रहण है।