बिहार कैबिनेट के गन्ना उद्योग मंत्री कार्तिक कुमार ने आज देर शाम इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सौंपा, जिसे सीएम ने स्वीकार करते हुए राज्यपाल फागू चौहान को अपनी अनुशंसा भेज दी है। साथ ही गन्ना उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता को दिया गया है।
बता दें, शपथ ग्रहण के दूसरे दिन ही अपहरण केस को लेकर वारंट विवाद में घिरे बिहार के कानून मंत्री कार्तिक कुमार का आज ही विभाग बदल दिया गया था। उन्हें अब गन्ना उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। शमीम अहमद अब बिहार के नए कानून मंत्री बनाए गए हैं। बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद से ही कानून मंत्री को लेकर सवाल उठ रहे थे।