Google Analytics Meta Pixel
सोनाली फोगाट की मौत में हत्या का केस दर्ज

सोनाली फोगाट की मौत में हत्या का केस दर्ज

हरियाणा BJP की नेता और टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट का गोवा में पोस्टमार्टम हो गया। सोनाली 23 अगस्त- मंगलवार- की सुबह गोवा के होटल में मृत मिली थीं। इस बीच गोवा पुलिस ने सोनाली के भाई रिंकू ढाका की शिकायत पर सोनाली के PA सुधीर सांगवान और उसके साथी सुखविंदर के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज कर लिया। सोनाली के जीजा अमन पूनिया ने गोवा से बताया कि पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद इन दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

इससे पहले, सोनाली के परिवार ने गुरुवार सुबह सोनाली का पोस्टमार्टम करवाने पर अपनी सहमति दे दी। 3 डॉक्टरों के पैनल ने पौने 12 बजे पोस्टमार्टम शुरू किया जो 4 बजे तक चला। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। इस दौरान सोनाली का भाई रिंकू ढाका और जीजा अमन पूनिया अस्पताल में ही मौजूद रहे।

पोस्टमार्टम के बाद बॉडी हैंडओवर करने की कागजी कार्रवाई चल रही है। सोनाली के जीजा अमन पूनिया ने बताया कि गुरुवार देर रात लगभग 2 बजे तक वह सोनाली की बॉडी लेकर हिसार पहुंच जाएंगे। इस बीच हिसार में मौजूद सोनाली के दूसरे भाई वतन ढाका के अनुसार, गोवा प्रशासन ने परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।

गोवा के DGP जसपाल सिंह ने भास्कर को बताया कि सोनाली के भाई और जीजा की ओर से दी गई शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम हो चुका है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोनाली को ‘कर्लीज’ रेस्टोरेंट में ड्रग्स दी गई थी या नहीं? तबीयत बिगड़ने पर उसे ‘कर्लीज’ रेस्टोरेंट के लेडीज वॉशरूम में ले जाया गया या नहीं? यह सब जांच का विषय है। तफ्तीश चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *