बिहार में अब नई महागठबंधन सरकार की हिस्सेदारी पर चर्चा शुरू हो गई है। मंत्रिमंडल में उस पार्टी को ज्यादा हिस्सा मिलेगा, जिसके ज्यादा MLA होंगे। बुधवार को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की शपथ होना है। इसके बाद मंत्रिमंडल में कौन, किसको कौन सा विभाग, किस दल को कितने मंत्री पद और किस दल को कितना वजनदार विभाग दिया जाएगा, इस पर मंथन शुरू हो जाएगा।
अभी तक NDA सरकार में भाजपा का बड़ा रोल था। दूसरा नंबर JDU और तीसरा नंबर हम का था। लिहाजा तीन पार्टियां होने की वजह से ज्यादा परेशानी नहीं थी, लेकिन अब सत्ता में आधा दर्जन पार्टियां भागीदारी कर रही हैं। इसलिए विभागों के बंटवारे में थोड़ी मुश्किल आएगी। कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष का पद भी मांगा है।
बिहार में 44 विभाग हैं। इन विभागों में संख्या के आधार पर हिस्सेदारी होती है तो ,सबसे ज्यादा मंत्री पद RJD के खाते में जाएंगे। ये तेजस्वी पर निर्भर करता है कि वे जितने विभाग हैं उतने मंत्री रखेंगे या किसी एक मंत्री को अतिरिक्त विभाग देंगे।