टेलीकॉम ऑपरेटर भारती एयरटेल इस महीने कुछ शहरों में 5G सर्विसेज शुरू कर देगी। मार्च 2024 तक देश के सभी कस्बों और प्रमुख ग्रामीण क्षेत्रों को कवर करेगी। कंपनी के MD और CEO गोपाल विट्टल ने यह इसकी जानकारी दी।
गोपाल विट्टल ने यह भी कहा कि भारत में मोबाइल सर्विसेज की कीमत बहुत कम है और इसे बढ़ाने की जरूरत है। ये सीधा संकेत है कि 4G के पैक की कीमत बढ़ाई जा सकती है और 5G सर्विस के लिए भी यूजर को 4G से ज्यादा पैसे चुकाने होंगे।
विट्टल ने कहा, ‘भारत में 5,000 शहरों 5G को रोलआउट करने प्लान पूरी तरह से तैयार हैं। यह हमारे इतिहास में सबसे बड़े रोलआउट में से एक होगा।’ हाल ही में आयोजित 5G नीलामी में, एयरटेल ने 19,867.8 MHz स्पेक्ट्रम हासिल किया है।
जियो 15 अगस्त को लॉन्च कर सकती है 5G
जियो ने 15 अगस्त से 5G नेटवर्क सर्विस लॉन्च करने के संकेत दिए हैं। कहा जा रहा है कि, 5G सर्विस फिलहाल चुनिंदा मेट्रो शहरों में हो सकती है। जियो को भारत के प्रमुख शहरों में अपनी 5G सेवाओं को पूरी तरह से शुरू करने में एक या दो महीने का समय लगेगा। टियर 2 और टियर 3 शहरों में फेस्ड रोलआउट अगले साल की शुरुआत में हो सकता है।