मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल का सौदा 1 करोड़ रुपए में हुआ था। इसमें हर शार्प शूटर को 5-5 लाख रुपए मिले। बाकी पैसा दूसरे मददगारों को दिया गया। मूसेवाला की हत्या के दिन हत्यारों की गाड़ी में 10 लाख कैश मौजूद था। यह कैश कनाडा में बैठे लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने भिजवाया था।
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब पुलिस की शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी और कशिश से हुई पूछताछ में यह खुलासा हुआ है। पुलिस अब उनसे कैश रिकवर कराने में जुट गई है।
पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर हथियारों की ट्रेनिंग
मूसेवाला के कत्ल में विदेशी हथियार इस्तेमाल किए गए। जिसमें ऑस्ट्रिया की ग्लॉक पिस्टल, जर्मनी की हेकलर एंड कोच P-30 हैंडगन, स्टार पिस्टल, तुर्की की जिगाना सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और AK47 का इस्तेमाल हुआ। विदेशी हथियारों को चलाने से पहले प्रियवर्त फौजी और अंकित सेरसा ने इनकी ट्रेनिंग ली।