भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। नड्डा ने कोलकाता के नेशनल लाइब्रेरी में राज्य कार्यकारिणी की मीटिंग रखी। इसे लेकर हाल ही में भाजपा से TMC में शामिल हुए जय प्रकाश मजूमदार ने विरोध किया। उन्होंने कहा- नेशनल लाइब्रेरी का उपयोग पॉलिटिकल मीटिंग के लिए नहीं किया जा सकता, ये कानून के खिलाफ है।
TMC ने लाइब्रेरी आथोरिटी पर उठाए सवाल
TMC नेता जय प्रकाश ने नेशनल लाइब्रेरी की आथोरिटी पर सवाल उठाते हुए कहा- लाइब्रेरी के नियमों के मुताबिक इसका उपयोग पॉलिटिकल मीटिंग के लिए नहीं किया जा सकता। नेशनल लाइब्रेरी एक राष्ट्रीय विरासत है। इसके बावजूद भी भाजपा पिछले दरवाजे से इसका उपयोग कर रही है क्योंकि यह केंद्र शासित संस्थान है। भाजपा ये मीटिंग कर नियमों की धज्जियां उड़ा रही है।
भाजपा की 2024 की तैयारी
भाजपा सांसद सौमित्र खान ने मीडिया को बताया कि 2024 में बेहतर परिणाम के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में ये मीटिंग की जा रही है। नड्डा का बंगाल दौरा पार्टी के दो सांसद बाबुल सुप्रियो और अर्जुन सिंह के पार्टी छोड़ने के बाद TMC में शामिल होने के बाद हो रहा है। भाजपा बुधवार शाम नेशनल लाइब्रेरी में राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक कर रही है। नेशनल लाइब्रेरी में ये मीटिंग भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चल रहे असंतोष को दूर करने और 2024 में बेहतर परिणाम के लिए की जा रही है।