न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में शतक लगाकर जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम समय में 10,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। 2012 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले रूट ने 9 साल 156 दिनों में 10,000 का आंकड़ा छुआ है। दूसरे नंबर पर एलिस्टर कुक हैं जिन्हें 10,000 रनों का आंकड़ा छूने में 10 साल 87 दिन लगे थे। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 31 साल 326 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में दस हजार रन पूरे किए थे।
इस रिकॉर्ड के बाद ये चर्चा तेज हो गई है कि क्या जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा रनों के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकते हैं। सचिन ने अपने टेस्ट करियर में 53.79 के औसत से 15,921 रन बनाए हैं।
करियर के शुरुआती 10 सालों में रिकॉर्ड सचिन से बेहतर
दोनों के करियर के शुरुआती 10 साल में रूट का रिकॉर्ड सचिन से बेहतर है। शुरुआती 10 सालों में सचिन ने 73 टेस्ट मैचों में 56.71 के औसत से 5841 रन बनाए थे। वहीं, रूट शुरुआती 10 सालों में 118 मैचों में 49.58 के औसत से 10015 रन बना चुके हैं। पिछले पांच सालों में रूट के बल्ले से 47 के औसत से 5421 रन निकले हैं।