औरंगाबाद में आज लाउडस्पीकर पर गरजेंगे राज ठाकरे

औरंगाबाद में आज लाउडस्पीकर पर गरजेंगे राज ठाकरे

महाराष्ट्र का आज 62वां स्थापना दिवस है। आज का दिन महाराष्ट्र की राजनीति में अहम होने जा रहा है। आज महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना चीफ राज ठाकरे औरंगाबाद में एक बड़ी रैली करने वाले हैं। मनसे लगातार मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर का मुद्दा उठा रही है, माना जा रहा आज भी इसी मुद्दे पर राज ठाकरे अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं। वहीं, सीएम उद्धव ठाकरे मुंबई के शिवाजी पार्क में एक सभा करने वाले हैं और मुंबई के सोमैया मैदान में बीजेपी ने ‘बूस्टर डोज’ नाम से एक रैली का आयोजन किया है। इसे नगर निकायों के आगामी चुनावों के लिए अभियान के शुभारंभ के रूप में एक बड़ा कदम जैसा देखा जा रहा है।

वंचित बहुजन अघाड़ी प्रमुख और डॉ बीआर अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर ने भी राज्य में माहौल को सांप्रदायिक बनाने के प्रयासों का आरोप लगाते हुए राज्य भर में ‘शांति मार्च’ निकालने का ऐलान किया है। इसमें मराठी साहित्य, रंगमंच और सामाजिक जगत से जुड़ी कई हस्तियां शामिल हो रहीं है। इससे पहले शनिवार को 100 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ राज औरंगाबाद पहुंचे । पुणे से औरंगाबाद जाने के रास्ते में राज, संभाजी महाराज की स्मारक पर पहुंचे और और श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

लाउडस्पीकर पर सामने आ सकता है राज का नया रुख
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने राज्य के सभी मस्जिदों से 3 मई तक लाउडस्पीकर हटा देने का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने राज्य सरकार से भी इस संबंध में कार्रवाई का आवाहन किया था, लेकिन अभी तक उद्धव सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि राज आज लाउडस्पीकर को लेकर नई भूमिका का ऐलान कर सकते हैं। उन्होंने मस्जिदों के सामने हनुमान चालीसा पाठ करने की भी बात कही थी, लेकिन महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने कहा है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *