Google Analytics Meta Pixel
CM भूपेश के SP-कलेक्टर से दो-दो हाथ:​​​​​​कुम्हारी में बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण

CM भूपेश के SP-कलेक्टर से दो-दो हाथ:​​​​​​कुम्हारी में बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को दुर्ग के कुम्हारी में थे। वहां उन्होंने बैडमिंटन में हाथ आजमाया। मौका था नगर पालिका में बने बैडमिंटन कोर्ट के लोकार्पण का। यहां 97 लाख रुपए की लागत से दो कोर्ट बनाए गए हैं। इसके साथ ही वर्टिकल गार्डन का भी लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री ने कुम्हारी के लिए नई घोषणाएं भी की।

बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद कोर्ट पर उतर गए। एक तरफ मुख्यमंत्री और खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन थे। दूसरी ओर कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे और पुलिस अधीक्षक बद्री नारायण मीणा ने रैकेट संभाला। करीब पांच मिनट तक अफसरों नेताओं के बीच बैडमिंटन का खेल हुआ। मुख्यमंत्री अक्सर खेल में हाथ आजमा कर खिलाड़ियाें का उत्साह बढ़ाते रहते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, शहरों में नागरिक सुविधाओं के साथ ही खेल की अधोसंरचना विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में लगातार प्रयास भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुम्हारी नगर पालिका के फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट को भी देखने पहुंचे। यह प्लांट रोजाना दो ट्रक फीकल स्लज (मल कीचड़) का उपचार कर सकता है। अधिकारियों ने बताया, इस प्लांट से उपचारित पानी का उपयोग बागवानी और कृषि सिंचाई में किया जा सकता है। सूखे स्लज का उपयोग जैविक खाद के तौर पर हो सकेगा। अधिकारियों ने बताया, यह प्लांट ग्रेविटी आधारित है। यानी इसके संचालन के लिए बिजली की जरूरत नहीं है।

थोक सब्जी बाजार की भी घोषणा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुम्हारी में थोक सब्जी मंडी बनाने की घोषणा की। इसकी लागत 23 करोड़ रुपए होगी। मुख्यमंत्री ने सभी स्कूलों के जीर्णोद्धार और महामाया उद्यान के बगल में स्थित खदान के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की है। उन्होंने खदान में मछली पालन जैसी गतिविधियों के संचालन का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *