Google Analytics Meta Pixel
डोनेट्स्क में मिसाइल हमले में 20 मरे

डोनेट्स्क में मिसाइल हमले में 20 मरे

रूस-यूक्रेन जंग का आज 20वां दिन है। यूक्रेन के साथ शांति वार्ता चलने के बावजूद रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। सोमवार को रूस समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले डोनेट्स्क शहर में बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। रूस ने इस हमले का आरोप यूक्रेनी सेना पर लगाया है। हालांकि, वह इसका कोई सबूत पेश नहीं कर सका।

दूसरी ओर यूक्रेन ने इस हमले से इनकार किया है और कहा है कि यह रूस की ही मिसाइल होगी, जो निशाना चूक गई है। उधर, इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) ने कहा है कि वह यूक्रेन की तरफ से रूस के खिलाफ दाखिल याचिका पर 16 मार्च, यानी बुधवार को फैसला सुनाएगा। यूक्रेन ने 7 मार्च को हुई सुनवाई में कोर्ट से रूस को मिलिट्री एक्टिविटीज रोकने का आदेश देने की मांग की थी।

  • अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- रूस के खिलाफ यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराएंगे। यूक्रेन के शरणार्थियों को अमेरिका में अनुमति देंगे। पैसा, भोजन और अन्य मानवीय सहायता भी भेजेंगे।
  • लंदन के बेलग्रेव स्क्वॉयर में यूक्रेन समर्थकों ने पुतिन के करीबी रूसी बिजनेसमैन ओलेग डेरीपास्का का घर कब्जा लिया। कब्जा करने वालों ने घर पर बोर्ड लगाया, जिस पर लिखा था, तुमने यूक्रेन कब्जाया, हमने तुम्हें कब्जा लिया।
  • यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री इरिना वेरेशुक ने एक वीडियो बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने जंग के बावजूद 9 मानवीय कॉरिडोर बनाकर 5,500 से ज्यादा यूक्रेनी नागरिकों को जंगी इलाकों से बाहर निकालने का दावा किया है।
  • यूरोपियन यूनियन के सूत्रों के हवाले से रॉयटर्स ने दावा किया है कि रूसी तेल कंपनियों रोसनेफ्ट, ट्रांसनेफ्ट और गाजप्रोम नेफ्ट के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाए गए हैं, लेकिन EU से जुड़े देश प्रतिबंध के बावजूद इनसे तेल खरीदते रहेंगे।
  • यूरोपियन देशों की तरफ से प्रतिबंधित किए गए रूसी बिजनेस टायकून व चेल्सी फुटबॉल क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविच सोमवार को इजराइल की राजधानी तेल अबीब के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी अब्रामोविच वहां से एक निजी जेट के जरिए इस्तांबुल रवाना हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *