पांच में से चार राज्यों में जीत की शाम गुरुवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय में गुलजार हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर से पांव तक फूलों की पंखुड़ियों और मालाओं के बीच दफ्तर पहुंचे। चारों ओर एक जैसी ही आवाज थी भाजपा, भारत और मोदी…
भारत माता की जय, भारत माता की जय। आज उत्साह का दिन है। उत्सव का दिन है। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। मैं इन चुनाव में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह भाजपा को भरपूर समर्थन दिया है, वो अपने आप में बहुत बड़ा संकेत है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की। चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कार्यकर्ताओं ने ये विजय ध्वज फहराकर इस वादे को पूरा कर दिखाया है। उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा करता हूं, जिन्होंने दिन-रात देखे बिना इन चुनावों में काम किया और जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे। कार्यकर्ताओं का जिन्होंने मार्गदर्शन किया, ऐसे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी अभिनंदन।
आज हमारे कार्यकर्ताओं ने जीत का चौका लगाया है। उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए थे, लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। अभी नड्डा जी ने विस्तार से बताया कि उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्य यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट शेयर में बढ़ोतरी हुई है।