यूक्रेन और रूस के बीच 24 फरवरी को शुरू हुई जंग को दस दिन बीत चुके हैं। आज इस युद्ध का 11वां दिन है। दसवें दिन रूस ने यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया था, लेकिन चंद घंटे बाद ही इसे खत्म भी कर दिया। इसके मायने यह हुए कि रूस अब यूक्रेन पर पहले की तरह हवाई और जमीनी हमले करने को तैयार है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने धमकी दी है कि अगर यूक्रेन नहीं झुका, तो उसका नामोनिशान मिटा देंगे। जवाब में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की ने कहा है कि हम आजादी के लिए लड़ेंगे और किसी के सामने नहीं झुकेंगे।
रूस के हमला बोलने की आशंका के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिका से फाइटर जेट देने की गुजारिश की थी। इसके जवाब में अमेरिका ने पोलैंड से उसके एफ-16 लड़ाकू जहाज यूक्रेन भेजने को कहा है। इधर यूक्रेन ने रूस के एक हेलिकॉप्टर को रॉकेट अटैक में मार गिराया है।
- मास्टरकार्ड और वीजा ने रूस में अपनी सर्विसेज बंद करने का ऐलान किया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस में अब तक 150 से ज्यादा कंपनियां कारोबार समेट चुकी हैं।
- अमेरिकी विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकेन ने शनिवार को पोलैंड बॉर्डर पर यूक्रेन के विदेश मंत्री देमित्री कुलेबा से मुलाकात की। ब्लिंकेन ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन के लोगों के साथ है।
- यूक्रेन ने इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट से अपील की थी कि वे पुतिन से युद्ध रोकने के लिए कहें। इसके बाद बेनेट शनिवार को मास्को पहुंचकर पुतिन से मिले थे।
- अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने दावा किया है कि रूस के करीब डेढ़ लाख सैनिक यूक्रेन की राजधानी कीव को घेरे हुए हैं और रूस कभी भी शहर पर अटैक कर सकता है।
- 3 हजार अमेरिकी नागरिक यू्क्रेन के लिए हथियार उठाएंगे। वॉलंटियर्स ने यूक्रेन की ओर से मांगी गई मदद के जवाब के तौर पर कहा है कि वह अब यूक्रेन की जंग में साथ देंगे।