खार्किव में गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया- हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि खार्किव में गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई है। मंत्रालय छात्र के परिवार से बातचीत कर रहा है।
रूस-यूक्रेन जंग का आज छठवां दिन है। रूसी सेना ने खार्किव और कीव के बीच ओख्तिरका शहर के मिलिट्री बेस पर हमला किया है। इस हमले में कम से कम 70 यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं। वहीं, रूसी फोर्स ने कीव, खार्किव और चेर्निहाइव में अर्टलरी (तोपों) से हमले तेज कर दिए हैं और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे आम नागरिकों पर खतरा गहरा गया है।
इसी बीच यूक्रेन में मौजूद इंडियन एंबेसी ने सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत कीव छोड़ने को कहा है। एंबेसी की तरफ से जारी इमरजेंसी एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय जिस हाल में हैं, उसी स्थिति में तुरंत शहर से बाहर निकल जाएं।