बॉलीवुड सिंगर बृजेश शांडिल्य का पहला रैप सॉन्ग ‘खींच ते नाच’ काफी ट्रेडिंग में रहा है। अब उनका एक सिंगल वीडियो सॉन्ग ‘टूटा दिल’ आने वाला है। अब हाल ही में दैनिक भास्कर से बातचीत में बृजेश शांडिल्य ने अपने सॉन्ग्स और करियर से जुड़ी कई बातें शेयर की हैं।
‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ में आपके पहले रैप सॉन्ग ‘खींच ते नाच’ को काफी प्यार मिला, उससे जुड़ी कोई मेमोरी बताएं?
‘खींच ते नाच’ जब मैंने गाया था तो खुद भी हैरान था कि मेरे लिए यह कैसा सॉन्ग है। क्योंकि मैंने कभी इस तरह का गाना नहीं गाया था। सचिन-जिगर ने मुझे इस गाने के लिए सिलेक्ट किया और मैं बिल्कुल सरप्राइज था। मैंने सोचा कि इसके पीछे जरूर उनका कोई विजन होगा। यह सोचकर जब मैंने काम किया तो मुझे काम करने में अलग मजा आया और मैंने काफी एंजॉय भी किया। यह रैप का एक अलग तरह का पैटर्न है। मेरे लिए यह पैटर्न, हाई पिच और इतनी स्पीड से गाना काफी कठिन था, पर मुझे जो भी मिला मैं ठीक से निभा पाया। इसके लिए भगवान का शुक्रिया। मैं जब भी कोई गाना करता हूं तो मुझे लगता है कि हर दिन मेरे लिए नया है और हर गाने के पहले भगवान से प्रे करता हूं की ‘हेल्प मी’ और यह गाना हो जाए। जब वह गाना हो जाता है तो लगता है कि एक पड़ाव और पार कर लिया। मैं हमेशा ऊपर वाले को थैंक्स कहता हूं कि उन्होंने एक बार फिर मेरी मदद की।